सरायपाली(जीतयादव)। शासकीय प्राथमिक शाला बिजातीपाली में प्रधान पाठक प्रेमशीला पटेल के जन्मदिन के अवसर पर विशेष न्योता भोज का आयोजन पीएम पोषण योजना के अंतर्गत शासन के निर्देशानुसार तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी टी.सी. पटेल, बीआरसी देवानंद नायक एवं संकुल समन्वयक घनश्याम दास के मार्गदर्शन में किया गया।
पीएम पोषण योजना के तहत बच्चों को परोसा गया विशेष न्योता भोज।
प्रधान पाठक प्रेमशीला पटेल ने अपने जन्मदिन को बच्चों के साथ साझा करते हुए विद्यालय को परिवार की तरह मानकर इस आयोजन की पहल की। छोटे बच्चों के प्रति लगाव और अपनत्व की भावना के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में स्कूल के विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बड़ा, आलू चाप, खीर, लड्डू, मिक्चर और चॉकलेट वितरित किए गए।

स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लेते हुए बच्चे बेहद खुश नजर आए। विद्यालय परिसर में उत्साह और आनंद का वातावरण देखने को मिला। बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ भोजन ग्रहण किया और प्रधान पाठक को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रधान पाठक प्रेमशीला पटेल ने कहा कि न्योता भोज जैसे कार्यक्रम विद्यालय और समुदाय के बीच आपसी सहयोग को बढ़ावा देते हैं। ऐसे आयोजन से बच्चों में भावनात्मक जुड़ाव, अपनापन और सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय को परिवार मानते हुए बच्चों के साथ खुशियां बांटना उनके लिए विशेष अनुभव है।
![]()
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक निर्मल कुमार मेहेर, रसोइया सुहावन बाई, कमला बाई, पुतली चौहान, नीला मानिकपुरी, सुशीला चौहान तथा स्वीपर श्रवण कुमार सागर उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाया।न्योता भोज के माध्यम से विद्यालय में सामुदायिक सहभागिता और आपसी संबंधों को मजबूती देने का सराहनीय प्रयास किया गया, जिसकी क्षेत्र में भी प्रशंसा हो रही है।




