सरायपाली(जीतयादव)। महासमुंद पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा (भुवनेश्वर) से उत्तर प्रदेश (कानपुर) ले जाए जा रहे 51 किलोग्राम गांजा को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गांजा के साथ कार और मोबाइल भी जब्त किया है।
पुलिस की कार्रवाई में 25.50 लाख रुपये का गांजा, कार और मोबाइल बरामद, एक आरोपी फरार।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिले में लगातार मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सूचना मिली कि मारुति सुजुकी कार (HR 55 AL 8890) में गांजा लेकर तस्कर ओडिशा से छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तर प्रदेश जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर एनएच-53 स्थित रेहटीखोल में पुलिस ने नाकाबंदी की। संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया तो उसमें सवार एक व्यक्ति जंगल की ओर भाग निकला, जबकि चालक को पुलिस ने मौके पर पकड़ लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी की पहचान आलोक कुमार चौहान (32 वर्ष), निवासी नेगवा खिरिया, थाना किशनी, जिला मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। उसने बताया कि फरार साथी संजीव कुमार, निवासी वेस्ट सागरपुर, दक्षिण पश्चिम दिल्ली, उसके साथ था।
तलाशी के दौरान कार की बीच वाली सीट में रखी तीन प्लास्टिक बोरियों से 51 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 25 लाख 50 हजार रुपये बताई गई। इसके अलावा गांजा परिवहन में प्रयुक्त कार (कीमत लगभग 5 लाख रुपये) और एक मोबाइल फोन (कीमत 10 हजार रुपये) भी जब्त किया गया। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य 30 लाख 60 हजार रुपये आंका गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं फरार आरोपी की तलाश जारी है।


