सरायपाली(जीतयादव)। शिक्षा सत्र 2026-27 के शुभारंभ पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डुडूमचुवाँ में शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना के साथ हुई। कक्षा पहली से 12वीं तक के नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, मिष्ठान खिलाकर एवं निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें तथा अभ्यास पुस्तिकाएं वितरित कर आत्मीय स्वागत किया गया।
डुडूमचुवाँ स्कूल में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत, निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें व अभ्यास पुस्तिकाएं वितरित की गईं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत सदस्य नीलाम्बर दिवान उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने और जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं शाला विकास समिति के सदस्य छत्रपाल निषाद ने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय आने और शिक्षा का पूरा लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पालकों में खेमराज साहू, बाबूलाल डिंगरे, जयराम राठिया, जगतपाल पटेल, धनुर्जय साहू, सुखसागर पटेल, मिलकराम राठिया, चुन्नूलाल जायसवाल और युधिष्ठिर सागर सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार की ओर से दुर्गेश प्रसाद नायक, डोमलाल पालेश्वर, जयप्रकाश बरिहा, प्रियंका बाघ, हरिप्रिया चौधरी, अम्बिका, टिकेश्वर पटेल, मीरा पटेल, ज्योति पटेल, दिनेश पटेल, यादराम साहू, संजय दिवान एवं मनोज कुमार बिश्रा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में डुडूमचुवाँ स्कूल के प्राचार्य संतोष कुमार साव ने सभी अतिथियों, पालकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से अपने जीवन के लक्ष्य को डायरी में लिखकर उसके अनुरूप निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का संचालन संकुल समन्वयक छबिलाल पटेल ने किया।


