सरायपाली(जीतयादव)। सरायपाली विकासखंड के उड़ीसा सीमा से लगे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भूथिया में शिक्षा सत्र 2026-27 के शुभारंभ अवसर पर शाला प्रवेश उत्सव उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पाठ्य पुस्तकें प्रदान कर एवं मिठाई खिलाकर विद्यालय में स्वागत किया गया।
भूथिया विद्यालय में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया।, अतिथियों ने शिक्षा और अनुशासन का महत्व बताया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष तरुण भाई रहे। विशिष्ट अतिथियों में ग्राम पंचायत भूथिया के सरपंच गोकुल भोई, विधायक प्रतिनिधि पंचानन भोई, सांसद प्रतिनिधि रविशंकर प्रधान, एसएमडीसी सदस्य निर्मल प्रधान एवं महेश साहू शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य विक्रम कुमार यादव ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र पर पूजा-अर्चना कर किया गया। इसके बाद नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। अपने संबोधन में गोकुल भोई ने विद्यार्थियों को अनुशासन, समय प्रबंधन और नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने गांव की प्रतिभाशाली छात्रा रेणुका प्रधान का उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
वहीं प्राचार्य विक्रम कुमार यादव ने विद्यालय के बेहतर परीक्षा परिणामों के लिए शिक्षकों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से नियमित उपस्थिति, प्रार्थना सभा में सहभागिता और मेहनत के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही विद्यार्थी जिम्मेदार एवं संस्कारवान नागरिक बन सकते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक, कर्मचारी, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में मधु मंगल प्रधान ने आभार व्यक्त किया, जबकि मंच संचालन डिग्रीलाल प्रधान ने किया।


