सरायपाली(जीतयादव)। विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव की तैयारियों एवं विभागीय योजनाओं की समीक्षा के लिए स्वामी विवेकानंद स्कूल केंजुवां में आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न संकुल केंद्रों के प्राथमिक एवं मिडिल स्कूलों के प्रधान पाठक और संकुल समन्वयक शामिल हुए।
66 स्कूलों के प्रधान पाठकों और संकुल समन्वयकों को शाला प्रवेश उत्सव, APAAR ID एवं विभागीय योजनाओं के संबंध में दिए गए निर्देश।
बैठक की अध्यक्षता बीईओ टीकम चंद पटेल, बीआरसी देवानंद नायक एवं प्राचार्य सी.एल. पुहूप ने की। बैठक में केंजुवां, केना, केंदुढ़ार, कनकेवा, मंदिर सरायपाली, झिलमिला, कन्या सरायपाली, किसड़ी, कलेण्डा (तोरे) एवं तोषगांव संकुल केंद्रों के अंतर्गत संचालित कुल 66 प्राथमिक एवं मिडिल स्कूलों के प्रधान पाठकों एवं संकुल समन्वयकों ने भाग लिया।
बैठक में विद्यार्थियों के APAAR ID निर्माण के लिए SO-3 फॉर्म जमा करने, आधार विहीन बच्चों के पालकों से संपर्क कर आधार कार्ड बनवाने, ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान कर शत-प्रतिशत स्कूलों में प्रवेश सुनिश्चित करने तथा VSK पोर्टल में शेष शिक्षकों का पंजीयन कर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने पर विशेष चर्चा की गई।
इसके अलावा सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति 80 प्रतिशत से अधिक बनाए रखने, 0 से 18 वर्ष तक के दिव्यांग बच्चों के सर्वेक्षण, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के गठन तथा अन्य विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने शाला प्रवेश उत्सव को सफल बनाने के लिए पालकों, शिक्षकों एवं जनप्रतिनिधियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक के अंत में संकुल समन्वयक भोलानाथ ने सभी उपस्थित अधिकारियों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।उक्त जानकारी शिक्षा विभाग के मीडिया प्रभारी दुर्वादल दीप ने प्रदान की।


