बसना(जीतयादव)। बसना पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2.27 करोड़ रुपये मूल्य के 454.890 किलोग्राम गांजा मामले के मुख्य सरगना बलराम सैनी उर्फ बल्लू को सिकंदराबाद (तेलंगाना) से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ओडिशा से हरियाणा तक फैले गांजा तस्करी नेटवर्क का संचालन कर रहा था।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अंतरराज्यीय गांजा नेटवर्क का मुख्य सरगना दबोचा गया ।
पुलिस ने बताया कि 30 मार्च 2026 को पलसापाली नाका पर नाकाबंदी के दौरान एक बोलेरो पिकअप वाहन से 454.890 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया था। इस कार्रवाई में वाहन चालक इमरान को गिरफ्तार किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान साइबर सेल, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), लोकेशन और व्हाट्सएप कॉलिंग से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया, जिसके आधार पर पूरे नेटवर्क के मुख्य संचालक तक पुलिस पहुंची।
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि बलराम सैनी घटना के दौरान व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से वाहन चालक को लगातार रूट संबंधी निर्देश दे रहा था। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह ओडिशा के फूलबानी से गांजा मंगवाकर हरियाणा के चरखी दादरी और पिलानी सहित अन्य स्थानों पर सप्लाई करता था।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से नेटवर्क संचालन में प्रयुक्त दो स्मार्टफोन और सिम कार्ड जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी पूर्व में वर्ष 2019 में भी गांजा तस्करी के मामले में जेल जा चुका है।
बसना थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 153/2026 के तहत आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के अनुसार न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि इस अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई जारी है।


