पिथौरा(जीतयादव)। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महासमुंद पुलिस ने थाना पिथौरा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से महुआ शराब और शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री जब्त कर आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पिथौरा के कौडिया जंगल के आंवला नाला क्षेत्र में छापेमारी, 10 लीटर महुआ शराब और शराब बनाने के उपकरण जब्त।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कौडिया जंगल से लगे आंवला नाला के पास एक व्यक्ति अपने खेत में अवैध रूप से हाथ भट्ठी से महुआ शराब तैयार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी मधुसूदन चौधरी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से दो प्लास्टिक जरीकैन में रखी 10 लीटर अवैध महुआ शराब, जिसकी कीमत लगभग 2,000 रुपये है, बरामद की गई। इसके अलावा शराब बनाने में उपयोग किए जा रहे बर्तन भी जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 3,000 रुपये बताई गई है। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य 5,000 रुपये आंका गया है।
पुलिस ने आरोपी मधुसूदन चौधरी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान अब तक 700 प्रकरणों में 791 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है तथा 25 लाख रुपये से अधिक मूल्य की 9,324 लीटर से ज्यादा शराब जब्त की गई है।


