महासमुंद(जीतयादव)। खल्लारी थाना क्षेत्र में युवती की हत्या कर शव को रेत में दफनाने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक 17 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और युवती के बीच प्रेम संबंध थे तथा शादी को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
पुलिस का दावा— युवती की हत्या के बाद शव को नाले की रेत में दफनाया, वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर नाबालिग हिरासत में।
पुलिस के मुताबिक, भारती टंडन (18) अपने जन्मदिन की रात घर से निकली थी। जांच में पता चला कि वह अपने परिचित नाबालिग युवक से मिलने गई थी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि युवती लगातार शादी का दबाव बना रही थी, जिससे वह परेशान था। इसी के चलते उसने हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, दोनों की मुलाकात के दौरान आरोपी ने युवती से आंखें बंद करने को कहा और कथित तौर पर पत्थर से उसके सिर पर हमला कर हत्या कर दिया। गंभीर चोट लगने से युवती की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने सबूत छिपाने की कोशिश में शव को पास के नाले की रेत में दफना दिया।
22 जून को ग्रामीणों ने नाले के पास रेत में दबा शव देखा, जिसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव की पहचान भारती टंडन के रूप में हुई। पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी तक पहुंचकर उसे हिरासत में लिया।
पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। चूंकि आरोपी नाबालिग है, इसलिए उससे संबंधित कानूनी प्रक्रिया किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत की जा रही है।


