सरायपाली(जीतयादव)। विकासखंड शिक्षा अधिकारी सरायपाली एवं विकासखंड स्त्रोत केंद्र समन्वयक सरायपाली के संयुक्त तत्वावधान में विकासखंड स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन स्वामी आत्मानंद विद्यालय सरायपाली में किया गया। बैठक की अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सरायपाली सुश्री अनुपमा आनंद ने की। बैठक में विकासखंड के सभी प्राचार्य एवं संकुल समन्वयक उपस्थित रहे।
बैठक में एसडीएम अनुपमा आनंद ने शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, ड्रॉपआउट बच्चों के नामांकन और अपार आईडी कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश।
बैठक में शिक्षा विभाग से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। सुश्री अनुपमा आनंद ने निर्देश दिए कि सभी शिक्षक समय पर विद्यालय पहुंचकर नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा मध्यान्ह भोजन कक्ष की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने शासन के निर्देशानुसार विद्यालयों में शाला प्रबंधन समिति (एसएमसी) का गठन कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया।
बैठक में उल्लास सर्वे को समय पर पूर्ण करने, असाक्षर व्यक्तियों की सूची तैयार कर विकासखंड कार्यालय में जमा करने तथा ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी विद्यार्थियों की अपार आईडी तैयार कराने एवं यू-डाइस संबंधी आवश्यक सुधार कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर बल दिया गया।
अनुविभागीय अधिकारी ने जर्जर भवनों में किसी भी स्थिति में शाला संचालन नहीं करने तथा ऐसे भवनों की सूची तैयार कर आवश्यक प्रस्ताव कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। बैठक के अंत में विकासखंड को पूर्ण साक्षर बनाने के उद्देश्य से उल्लास कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु सभी को शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी डी.एन. दीवान, विकासखंड स्त्रोत केंद्र समन्वयक देवानंद नायक, सभी प्राचार्य एवं संकुल समन्वयक उपस्थित रहे। आभार प्रदर्शन देवानंद नायक द्वारा किया गया।


