सरायपाली(जीतयादव)।छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण तब बना जब टिशा साहू, सुपुत्री गिरीश कुमार साहू एवं नंदिता साहू, ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप-10 में आठवां स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
टिशा साहू ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में टॉप-10 में आठवां स्थान, खैरझिटकी गांव में जश्न।
टिशा साहू वर्तमान में एकलव्य इंग्लिश विद्यालय अर्जुण्डा की छात्रा हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के दम पर यह सफलता हासिल की। उनके गृह ग्राम खैरझिटकी में भी इस उपलब्धि पर जश्न का माहौल रहा, जहां ग्रामीणों और गणमान्य नागरिकों ने उनका सम्मान किया।
इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी टीकमचंद पटेल एवं बीआरसीसी देवानंद नायक सहित अन्य उपस्थित जनों ने टिशा को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि टिशा की यह सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से भी टिशा से प्रेरणा लेकर निरंतर मेहनत करने की अपील की।
अपने उद्बोधन में टिशा साहू ने इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं विद्यालय के शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन और समर्थन के बिना यह संभव नहीं था और आगे भी वे कड़ी मेहनत कर उच्च लक्ष्य प्राप्त करने का प्रयास करेंगी।ग्रामवासियों एवं परिजनों ने भी टिशा की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।



