महासमुंद(जीतयादव)। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महासमुंद पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना बागबाहरा पुलिस ने छापामार कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से शराब और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।
12.600 लीटर अवैध देसी शराब और मोटरसाइकिल जब्त, आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर भेजा गया न्यायिक रिमांड पर।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम हरनादादर के शंकरपारा क्षेत्र में अवैध रूप से शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान रामबली गुप्ता और सुरेश दास मोटरसाइकिल से अवैध शराब ले जाते हुए पकड़े गए।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 70 पाउच देसी प्लेन शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 12.600 लीटर और कीमत लगभग 5,600 रुपये बताई गई है। साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 30 हजार रुपये आंकी गई है। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य 35,600 रुपये है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान की शुरुआत से अब तक 698 प्रकरणों में 789 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है तथा 25 लाख रुपये से अधिक मूल्य की 9308 लीटर से ज्यादा शराब जब्त की गई है।


