महासमुंद(जीतयादव)।मदद के नाम पर झांसा देकर बाइक लेकर फरार होने का मामला बागबाहरा थाना क्षेत्र में सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
बागबाहरा में मदद मांगकर भरोसा जीता, दो मिनट में मोटरसाइकिल लेकर फरार हुआ अज्ञात आरोपी।
पुलिस के अनुसार, पिलवापाली निवासी छबि लाल पटेल पिथौरा स्थित कान्हा राइस मिल में हमाली का काम करते हैं। 17 जून की दोपहर वे काम के सिलसिले में पिथौरा आए थे। इसी दौरान ओवरब्रिज के पास एक अज्ञात युवक ने उनसे संपर्क कर बताया कि उसकी बागबाहरा जाने वाली बस छूट गई है और उसे तत्काल वहां पहुंचना है।
मानवीय आधार पर छबि लाल पटेल ने अपनी बजाज सीटी 100 मोटरसाइकिल पर युवक को बिठाकर बागबाहरा तक छोड़ने के लिए मदद दे दी। बागबाहरा पहुंचने के बाद आरोपी ने पास में जरूरी काम होने का बहाना बनाते हुए कुछ देर के लिए बाइक की चाबी मांगी। भरोसा कर पीड़ित ने उसे चाबी दे दी, लेकिन आरोपी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया।
काफी देर तक इंतजार करने और आसपास तलाश करने के बाद जब युवक का कोई पता नहीं चला, तब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। चोरी गई मोटरसाइकिल की कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है।
पीड़ित की शिकायत पर बागबाहरा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 316(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के साक्ष्यों एवं अन्य सुरागों के आधार पर कार्रवाई कर रही है।


