सरायपाली(जीतयादव)। बलौदा में शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली, जहां सामुदायिक सहभागिता से बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए ‘प्रयास’ अभ्यास परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन में महासमुंद, सारंगढ़, रायगढ़ और रायपुर जिले के बच्चों ने भाग लिया।
बलौदा में शिक्षकों, पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से 421 बच्चों को प्रयास प्रतियोगी परीक्षा की दी गई विशेष तैयारी।
इस अभ्यास परीक्षा में कुल 421 छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जबकि आयोजन के दौरान पालक, शिक्षक और ग्रामीणों सहित करीब 1000 लोगों की उपस्थिति रही। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को ध्यान में रखते हुए यह परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें बच्चों को OMR शीट भरने, समय प्रबंधन और प्रश्न हल करने की तकनीक सिखाई गई।

आयोजन समिति के सक्रिय सदस्य प्रवीण कुमार प्रधान ने बताया कि दूरस्थ वनांचल क्षेत्र बलौदा में इस प्रकार का आयोजन बच्चों के भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इस दौरान पुलिस थाना बलौदा द्वारा भोजन की व्यवस्था की गई, वहीं संकुल केंद्र बलौदा के शिक्षकों ने प्रश्नपत्र, OMR शीट, नाश्ता और शीतल जल की व्यवस्था संभाली।
कार्यक्रम में सरपंच सरस्वती सरोज सेठ, जनपद सदस्य पद्मिनी भोई, विकासखंड शिक्षा अधिकारी टी.सी. पटेल, बीआरसी सरायपाली देवानंद नायक, प्राचार्य ए.के. सतपथी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी कदम बताया।
आयोजन को सफल बनाने में सेवा शंकर साहू, वीरेंद्र चौधरी, ज्योति कुमार ठेठवार, शैलेंद्र नायक, राजू साहू, देवेश भोई सहित जिला प्रयास टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं प्रकाश पाढी द्वारा शरबत और कोल्ड ड्रिंक तथा अंकित भोई द्वारा पेयजल की व्यवस्था की गई। स्वास्थ्य विभाग से डोलामणि भोई और कमलेश पटेल ने बच्चों की स्वास्थ्य सेवा की।



