सरायपाली(जीतयादव)। अवैध महुआ शराब बनाने और बिक्री करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ग्राम नूनपानी में कार्रवाई करते हुए कुल 165 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त की है, जिसकी कीमत लगभग 33 हजार रुपये बताई गई है।
सरायपाली-बसना पुलिस की अवैध महुआ शराब पर संयुक्त कार्रवाई।
पुलिस को यह कार्रवाई महासमुंद पुलिस की शिकायत हेल्प डेस्क “संवाद” व्हाट्सएप नंबर 9479229939 पर प्राप्त सूचना के आधार पर मिली। इसके बाद थाना सरायपाली एवं बसना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ रेड डाली।
जानकारी के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 को सरायपाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम नूनपानी क्षेत्र में अवैध महुआ शराब बनाई और बेची जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान एक आरोपी को ग्राहकों की तलाश करते हुए पकड़ा गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान दामोदर भारती के रूप में हुई। उसके कब्जे से दो अलग-अलग थैलों में रखी 65 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 13 हजार रुपये आंकी गई। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इसके अलावा अभियान के दौरान अन्य स्थानों से भी अवैध शराब और महुआ लहान जब्त कर नष्ट किया गया। पुलिस ने बताया कि अभियान शुरू होने से अब तक 6310.900 लीटर शराब जब्त की जा चुकी है, जिसकी कुल कीमत 17 लाख 47 हजार 600 रुपये है। इस दौरान 504 प्रकरणों में 570 व्यक्तियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब, नशा या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस के “संवाद” हेल्प डेस्क पर साझा करें।



