सरायपाली(जीतयादव)। अवैध महुआ शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरायपाली पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बैदपाली बाजार के पास से 45 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब जब्त की है। जब्त शराब की कीमत करीब 9 हजार रुपये आंकी गई है।
सरायपाली में अवैध महुआ शराब पर कार्रवाई, 45 लीटर शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बैदपाली बाजार क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध महुआ शराब बिक्री के लिए ग्राहक तलाश कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान खीरसागर भारती (28 वर्ष) निवासी ग्राम नूनपानी, थाना सरायपाली, जिला महासमुंद के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से दो प्लास्टिक झिल्ली में भरी कुल 45 लीटर महुआ शराब बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 143/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।



