सरायपाली(जीतयादव)। सिंघोड़ा पुलिस ने मेडिकल दुकान संचालक से लूट की साजिश को समय रहते विफल करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने मेडिकल व्यवसायी को रात में रोककर उसकी बिक्री की रकम लूटने की योजना बनाई थी। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, लोहे का सरिया और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
बिक्री की रकम लूटने की थी योजना, मोटरसाइकिल, लोहे का सरिया और मोबाइल बरामद; तीनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजे गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 जून 2026 की रात वेदप्रसाद प्रधान अपने भाई की मेडिकल दुकान से छुईपाली से मौलीखार लौट रहे थे। रास्ते में तीन युवक मोटरसाइकिल से उनका पीछा करते हुए बोईरमाल के पास आगे निकलकर उनकी बाइक रोकने का प्रयास करने लगे। आरोपियों ने लोहे का सरिया दिखाकर हमला और लूटपाट की कोशिश की, लेकिन व्यवसायी किसी तरह वाहन तेज गति से चलाकर मौके से निकल गए और परिजनों को सूचना दी।
पीड़ित की शिकायत पर सिंघोड़ा थाना में अपराध दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने करूणा प्रधान (25), रितुराज प्रधान (19) और खीरसागर भोई (22) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने करीब एक माह पहले मेडिकल संचालक की बिक्री की रकम लूटने की योजना बनाई थी और वारदात को अंजाम देने के लिए ओवरटेक कर बाइक रोकने तथा लोहे के सरिये से हमला करने की तैयारी की थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 50 हजार रुपये), एक लोहे का सरिया और दो मोबाइल फोन (कीमत लगभग 8 हजार रुपये) बरामद किए हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


