बसना(रूपानंद साव)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा संगठन को तकनीकी रूप से मजबूत और डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से बसना के स्थानीय मंगल भवन में डिजिटल प्लेटफॉर्म कार्यशाला एवं सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया और तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई। कार्यशाला में संगठन की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक डिजिटल माध्यम से पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)द्वारा डिजिटल तकनीक के जरिए संगठन और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने पर दिया गया जोर।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संजय शर्मा, सह-प्रभारी मंत्री प्रधान, डिजिटल प्लेटफॉर्म प्रभारी विपिन उपेजजा, अनिल अग्रवाल, आयुष सिन्हा, भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक सुमित अग्रवाल, विधानसभा संयोजक डॉ. एन.के. अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश अग्रवाल तथा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र यादव उपस्थित रहे।
भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक सुमित अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल प्लेटफॉर्म संगठन की मजबूती का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाने में डिजिटल तकनीक की अहम भूमिका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से डिजिटल रूप से दक्ष बनने और तथ्यों के आधार पर भ्रामक सूचनाओं का जवाब देने का आह्वान किया।
कार्यशाला में बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग की व्यावहारिक ट्रेनिंग भी दी गई। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में डिजिटल साक्षरता बढ़ाने और तकनीक के माध्यम से संगठन एवं जनसेवा को मजबूत करने का संकल्प लिया।


