सरायपाली(जीतयादव)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डुडूमचुवाँ में विद्यालय के सर्वांगीण विकास, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार तथा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 20 सदस्यीय शाला प्रबंधन समिति (एसएमसी) का विधिवत गठन किया गया। संस्था के प्राचार्य संतोष कुमार साव के निर्देशन में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से समिति के पदाधिकारियों का चयन किया गया।
डुडूमचुवाँ स्कूल में सर्वसम्मति से दसमोती राठिया अध्यक्ष और छत्रपाल निषाद उपाध्यक्ष निर्वाचित।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने दसमोती राठिया को समिति का अध्यक्ष तथा छत्रपाल निषाद को उपाध्यक्ष चुना। इसके साथ ही 20 सदस्यीय समिति के अन्य सदस्यों का भी चयन किया गया, जो आगामी शैक्षणिक सत्र में विद्यालय के विकास कार्यों, शैक्षणिक गतिविधियों तथा विद्यार्थियों के हित से जुड़े विभिन्न कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर डुडूमचुवाँ स्कूल के प्राचार्य संतोष कुमार साव ने नवनियुक्त अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सभी समिति सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नई समिति के सहयोग से विद्यालय विकास के नए आयाम स्थापित होंगे और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।
नवनियुक्त अध्यक्ष दसमोती राठिया ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे प्राचार्य एवं समिति के सहयोग से विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं के विकास और शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगी।
बैठक में शिक्षक दुर्गेश प्रसाद नायक, कुमारी प्रियंका बाघ, श्रीमती हरिप्रिया चौधरी, कुमारी अंबिका बरिहा, टिकेश्वर पटेल, दिनेश पटेल, श्रीमती मीरा पटेल, ज्योति पटेल, यादराम साहू एवं संजय दीवान सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।


