भंवरपुर(जीतयादव)। अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बसना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम तरेकेला में खड़खड़िया जुआ खेल रहे छह लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नगदी, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल समेत कुल 1 लाख 6 हजार 990 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
नगदी, मोबाइल और मोटरसाइकिल समेत ₹1.06 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त, जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम तरेकेला में सड़क किनारे कुछ लोग रुपये-पैसे की हार-जीत का दांव लगाकर अवैध रूप से खड़खड़िया जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर थाना बसना पुलिस ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वृंदावन पटेल, पुरुषोत्तम पटेल, कृपादास वैष्णव, विद्यासागर प्रधान, पदमलोचन प्रधान और प्रदीप डडसेना को गिरफ्तार किया। तलाशी में आरोपियों के कब्जे से 23,990 रुपये नगद, खड़खड़िया पट्टी, पासा, डाइस कप, 6 मोबाइल फोन तथा 3 मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना बसना में अपराध क्रमांक 329/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। साथ ही भविष्य में ऐसी गतिविधियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


