सरायपाली(जीतयादव)। स्वामी विवेकानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, केजुवां में विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव 2026 का आयोजन उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। अतिथियों ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर एवं निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें प्रदान कर उनका स्वागत किया।
केजुवां में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक कर स्वागत, मेधावी छात्र-छात्राएं और शिक्षकों का हुआ सम्मान।
केजुवां में कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती, भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन और पूजा-अर्चना के साथ हुआ। विकासखंड शिक्षा अधिकारी टी.सी. पटेल ने स्वागत भाषण देते हुए बताया कि सरायपाली विकासखंड में 441 विद्यालय संचालित हैं तथा बीते शैक्षणिक सत्र में 5वीं और 8वीं का परीक्षा परिणाम 100 प्रतिशत रहा। साथ ही अनेक विद्यार्थियों ने नवोदय एवं एकलव्य विद्यालयों में चयन हासिल कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया।
इस अवसर पर श्रीमती सरला कोसरिया (सदस्य, राज्य महिला आयोग), श्रीमती मोंगरा किशन पटेल (अध्यक्ष, जिला पंचायत), श्रीमती लक्ष्मी हरिश्चंद्र पटेल (अध्यक्ष, जनपद पंचायत), श्री त्रिलोचन पटेल (पूर्व विधायक) सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों, सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। साथ ही नवमीं की छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण भी किया गया।
अपने संबोधन में सांसद रूप कुमारी चौधरी ने विद्यार्थियों को अनुशासन, संस्कार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का महत्व बताया। वहीं विधायक चातुरी नंद ने कहा कि विद्यालय बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण की पहली पाठशाला है। कार्यक्रम के दौरान “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को आकर्षक बनाया। कार्यक्रम का संचालन शैलेन्द्र कुमार नायक ने किया तथा आभार प्रदर्शन बीआरसी देवानंद नायक ने किया।


