बसना। धरसींवा विधानसभा के नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने के दौरान गरीब परिवारों के मकानों पर चली बुलडोजर कार्रवाई को लेकर बसना विधानसभा के सक्रिय कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने राज्य सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से प्रदेश के गरीब, मजदूर और भूमिहीन परिवारों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
नकटी गांव की कार्रवाई पर कांग्रेस नेता मोक्ष कुमार प्रधान ने सरकार से पुनर्वास और मुआवजे की मांग उठाई।
संबंधित वीडियो देखने के लिए क्लिक करे – वीडियो 1 वीडियो 2 वीडियो 3
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि वर्षों से नकटी गांव में बसे गरीब परिवारों के घरों पर बुलडोजर चलाने से लोगों में यह डर पैदा हो गया है कि कहीं उनके गांव में भी इसी तरह की कार्रवाई न हो जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का दायित्व गरीबों को आवास उपलब्ध कराना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है, न कि उन्हें बेघर करना। यदि किसी भूमि को लेकर विवाद है तो उसका समाधान कानून और मानवीय दृष्टिकोण के साथ किया जाना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे गरीब परिवारों के सामने अब बेघर होने का संकट भी खड़ा हो गया है। उनके अनुसार प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और आवास की समुचित व्यवस्था किए बिना इस तरह की कार्रवाई उचित नहीं कही जा सकती।

कांग्रेस नेता ने शासन-प्रशासन से मांग की कि जिन परिवारों के मकान हटाए गए हैं, उन्हें सम्मानजनक पुनर्वास, आवास और उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही ऐसी नीति बनाई जाए, जिससे भविष्य में किसी भी गरीब परिवार को बेघर होने का भय न रहे।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि यदि नकटी गांव के गरीबों के हितों की अनदेखी जारी रही तो कांग्रेस पार्टी किसानों, मजदूरों और वंचित वर्ग के साथ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी।


