सरायपाली(जीतयादव)। सरायपाली क्षेत्र के ग्राम बाराडोली (बालसमुंद) में आगामी 7 मई से श्री हरिनाम अष्टप्रहरी नामयज्ञ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन चिंगरीडीपा कीर्तन मंडली के तत्वाधान में आयोजित किया जाएगा, जिसमें आसपास के कई गांवों और राज्यों की कीर्तन मंडलियां भाग लेंगी।
बाराडोली में 1984 से चली आ रही परंपरा, ओडिशा-छत्तीसगढ़ की कीर्तन मंडलियां होंगी शामिल।
आयोजन समिति के सदस्य सुंदर लाल डडसेना ने बताया कि यह परंपरा वर्ष 1984 से निरंतर चली आ रही है (प्राकृतिक आपदा को छोड़कर)। कार्यक्रम का शुभारंभ 7 मई को दोपहर 3:30 बजे कलश यात्रा और नामोच्चारण के साथ होगा। इसके बाद पूरे आयोजन के दौरान आठ प्रहर तक हरिनाम संकीर्तन की गूंज रहेगी।
इस आयोजन में देवती, बरगढ़ (ओडिशा), हरड़ाटाल बरगढ़ (ओडिशा) की पुरुष रंगीन कीर्तन मंडलियों के साथ कुरकुटी (बलौदाबाजार), अमरकोट (सरायपाली) और पलसापाली (सरायपाली) की महिला रंगीन कीर्तन मंडलियों को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा आयोजक ग्राम की राधामाधव कीर्तन मंडली और चिंगरीडीपा पुरुष कीर्तन मंडली भी प्रस्तुति देंगी।
कार्यक्रम का समापन 8 मई को महाप्रसादी भंडारा, यज्ञ पूर्णाहुति और समापन बैठकी के साथ किया जाएगा। इस दौरान “हरेकृष्ण, हरेकृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे, हरेराम हरेराम राम राम हरे हरे” के जाप से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहेगा।
ग्राम बाराडोली के ग्रामवासियों ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे परिवार सहित इस पावन आयोजन में शामिल होकर धर्म लाभ प्राप्त करें।



