महासमुंद(जीतयादव)।महासमुंद पुलिस द्वारा थाना पिथौरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुढ़ीपार में साइबर अपराध, अभिव्यक्ति ऐप, नशा मुक्ति, महिला संबंधी अपराध एवं यातायात सुरक्षा को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को आधुनिक अपराधों से सतर्क करना और सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना रहा।

पुलिस टीम ने ग्रामीणों को साइबर अपराध की बढ़ती घटनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी और बताया कि किसी भी ऑनलाइन ठगी या साइबर फ्रॉड की स्थिति में टोल फ्री साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तत्काल शिकायत दर्ज कराई जाए। साथ ही नजदीकी पुलिस थाना या साइबर सेल में रिपोर्ट करने की सलाह दी गई।
मुढ़ीपार में साइबर अपराध से बचाव की दी गई महत्वपूर्ण जानकारियां
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि—
सोशल मीडिया पर फेक प्रोफाइल, साइबर स्टाकिंग एवं साइबर बुलिंग की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।
सोशल मीडिया पर अपनी व्यक्तिगत एवं संवेदनशील जानकारी साझा न करें और हमेशा मजबूत पासवर्ड का उपयोग करें।
अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट बिना सत्यापन स्वीकार न करें।
फेक ट्रेडिंग ऐप, शेयर बाजार में पैसे दोगुना करने के लालच, सेक्सटॉर्शन, फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर डिजिटल अरेस्ट की धमकी देने जैसे अपराधों से सावधान रहें।
किसी भी अनजान APK फाइल या लिंक को कभी ओपन न करें।
व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम, एक्स (ट्विटर) आदि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्राइवेसी सेटिंग और टू-स्टेप वेरिफिकेशन चालू रखें।
किसी अनजान नंबर से आए वीडियो कॉल को अटेंड न करें।
यदि किसी परिचित के नाम से फोन कर पैसे की मांग की जाए तो पहले स्वयं उस व्यक्ति से संपर्क कर पुष्टि करें।
नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों पर भी चर्चा
अभियान के दौरान पुलिस ने नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील की। साथ ही महिला संबंधी अपराधों, घरेलू हिंसा एवं सुरक्षा से जुड़े कानूनों की जानकारी दी गई। यातायात सुरक्षा के तहत हेलमेट, सीट बेल्ट और नियमों के पालन का महत्व बताया गया।इसके अतिरिक्त ग्रामीणों को गौवंश तस्करी से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए। डायल 112 की उपयोगिता और आपातकालीन स्थिति में इसके प्रयोग की जानकारी भी साझा की गई।

इस जागरूकता अभियान से ग्राम मुढ़ीपार के 40 से अधिक ग्रामीण लाभान्वित हुए। ग्रामीणों ने पुलिस द्वारा दी गई जानकारी की सराहना की और भविष्य में सतर्क रहने का संकल्प लिया।





