महासमुंद(जीतयादव)। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शनिवार शाम कलेक्ट्रेट सभाकक्ष महासमुंद में लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगरीय प्रशासन विभाग तथा खेलकूद एवं कल्याण विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में चल रहे विकास कार्यों और योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, योजनाओं के क्रियान्वयन और आम नागरिकों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जून 2027 तक हर घर जल का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश, प्रधानमंत्री आवास को सर्वोच्च प्राथमिकता; प्राथमिक स्कूलों से खिलाड़ी तैयार करने पर जोर।
उप मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने और योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।
सड़कों की मरम्मत में अनदेखी बर्दाश्त नहीं
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान अरुण साव ने जिले में चल रहे सड़क, पुल-पुलिया और अन्य निर्माण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और स्वीकृत कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सड़क और अधोसंरचना के कार्यों का सीधा असर आम लोगों की आवाजाही पर पड़ता है। इसलिए निर्माण में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को कार्ययोजना बनाकर काम करने तथा आधुनिक तकनीक और उपकरणों का उपयोग करने के निर्देश दिए।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों की मरम्मत के लिए संबंधित अनुविभागीय अधिकारी सीधे जिम्मेदार होंगे।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की पेयजल व्यवस्था तथा जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री ने पेयजल व्यवस्था सुचारू रखने और जल स्रोतों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ग्राम पंचायतों को योजनाएं हैंडओवर करने के बाद सचिवों और सरपंचों की बैठक लेकर उन्हें संचालन की तकनीकी जानकारी दी जाए। उन्होंने जिले की सभी ग्राम पंचायतों में जून 2027 तक हर घर जल योजना का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही बंद पड़े ट्यूबवेलों को तत्काल चालू कराने पर जोर दिया।
नगरीय प्रशासन विभाग की समीक्षा के दौरान शहरों में चल रहे विकास कार्य, स्वच्छता, सड़क-नाली निर्माण और नागरिक सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली गई। उप मुख्यमंत्री ने नगरीय क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने और शहरों के व्यवस्थित विकास पर जोर दिया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अधिकारियों से नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता और जनसुविधाओं की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। 15वें वित्त के कार्य, नालंदा परिसर और अन्य निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने को कहा। उन्होंने अगले पांच वर्षों के लिए कार्ययोजना तैयार करने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। राजस्व वसूली पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।


