महासमुंद(जीतयादव)। जनपद पंचायत महासमुंद की सभापति सृष्टि ध्रुव ग्राम पंचायत छपोराडीह स्थित शासकीय हाई स्कूल में आयोजित सरस्वती साइकिल वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर छात्राओं को सरस्वती साइकिल वितरित की गई। साइकिल मिलने पर छात्राओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह नजर आया।
जनपद पंचायत सभापति सृष्टि ध्रुव ने किया साइकिल वितरण, छपोराडीह के बेटियों को शिक्षा और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ने का दिया संदेश।
कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष मोहित ध्रुव, जनभागीदारी अध्यक्ष नंदलाल यादव, उपाध्यक्ष लक्ष्मी पांडेय, सरपंच हीरालाल निषाद, कुमार पटेल, राधेश्याम ध्रुव, होरीलाल पटेल सहित जनप्रतिनिधि, विद्यालय की प्राचार्य कुरैशी मैडम, पांडेय मैडम तथा शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सृष्टि ध्रुव ने कहा कि छात्राओं को साइकिल मिलने से विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी। खासकर दूर-दराज के क्षेत्रों से स्कूल आने वाली बेटियों के लिए यह योजना शिक्षा की राह को आसान बनाने में मददगार है।
उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देना समाज और सरकार दोनों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। जब छात्राओं को विद्यालय तक पहुंचने के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, तो वे नियमित रूप से पढ़ाई कर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ सकेंगी।सरस्वती साइकिल मिलने के बाद छात्राओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। छात्राओं ने कहा कि साइकिल से स्कूल आने-जाने में समय और मेहनत की बचत होगी तथा पढ़ाई के लिए अधिक समय मिल सकेगा।
सृष्टि ध्रुव ने छपोराडीह में कहा कि बेटियों की शिक्षा मजबूत हो, उनकी राह आसान हो और उनके सपनों को नई उड़ान मिले—यही संकल्प होना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने भविष्य के लिए लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार और उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।


