महासमुंद(जीतयादव)। शहर के वार्ड नंबर 06 नयापारा में मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। सिगरेट मांगने की बात को लेकर हुए विवाद में कथित तौर पर तीन लोगों ने मिलकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना में तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में महासमुंद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
महासमुंद के नयापारा में मामूली विवाद ने लिया गंभीर रूप, चाकू और टंगिया से हमले में तीन घायल; अस्पताल में इलाज जारी।
पुलिस के अनुसार, नयापारा निवासी वेंकट राव ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सिगरेट मांगने की बात को लेकर आरोपी तिरथ साहू गाली-गलौज और मारपीट करने लगा। इसके बाद तिरथ ने अपने भाई सुखदेव साहू और पिता बिसम्भर साहू को मौके पर बुला लिया।
आरोप है कि विवाद के दौरान सुखदेव साहू ने चाकू से तथा बिसम्भर साहू ने टंगिया से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे सज्जू खान के सीने और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं। वहीं राकेश चौहान के हाथ और पीठ तथा प्रार्थी वेंकट राव के हाथ, कोहनी और कमर में चोटें लगी हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद आदित्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
तीनों आरोपी गिरफ्तार
प्रार्थी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 296, 109(1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


