सरायपाली(जीतयादव)। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बलौदा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 110 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी और मोबाइल सहित कुल 97 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
स्कूटी से बिक्री के लिए ले जा रहे थे अवैध शराब, बलौदा पुलिस ने वाहन और मोबाइल समेत ₹97 हजार की संपत्ति जब्त की।
पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति बिना नंबर की स्कूटी में भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब लेकर ग्राम हरीबनपुर से ग्राम पाईकपारा की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस टीम ने संबंधित मार्ग पर जांच शुरू की।
इसी दौरान बिना नंबर की स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति बलौदा पुलिस को आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की। उनकी पहचान योगेश चौधरी (24 वर्ष) और किशन भोई (26 वर्ष), दोनों निवासी कुटेला, थाना सरायपाली के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान स्कूटी में रखी दो प्लास्टिक बोरियों के अंदर डिब्बों में भरकर रखी गई 110 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत करीब 22 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी (₹70 हजार) और मोबाइल (₹5 हजार) भी जब्त किया। इस तरह कुल ₹97 हजार की संपत्ति पुलिस के कब्जे में ली गई।
मामले में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 50/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में अपराध दर्ज किया गया। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।


