महासमुंद(जीतयादव)। आंगनबाड़ी केंद्र मुड़ैना में शिशु संरक्षण दिवस के अवसर पर बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाई गई। साथ ही टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच और पोषण संबंधी जानकारी भी दी गई।
मुड़ैना आंगनबाड़ी केंद्र में टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की जांच और पोषण पर दी गई जानकारी; 45 बच्चों को पिलाया गया आयरन सिरप।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की टीम ने बच्चों और महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य के लिए जरूरी सावधानियों के बारे में बताया। गर्भवती महिलाओं की जांच कर उन्हें नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और संतुलित आहार लेने की सलाह दी गई। वहीं बच्चों के अभिभावकों को पोषण, स्वच्छता और बच्चों की नियमित देखभाल के संबंध में जानकारी दी गई।

मुड़ैना आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को आयरन सिरप भी दिया गया। जानकारी के अनुसार कुल 45 बच्चों को आयरन सिरप पिलाया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए पोषणयुक्त आहार और नियमित स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने की अपील की।
कार्यक्रम में महिला पर्यवेक्षक श्रीमती पुष्पलता चंद्राकर, आरएचओ मिथलेश बोयर एवं लता साहू, मितानिन उर्वशी और यमुना कोसले तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ऊषा सिन्हा उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों और महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के साथ-साथ पोषण और नियमित टीकाकरण के प्रति जागरूक किया गया। शिशु संरक्षण दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम से बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर परिवारों में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।


