महासमुंद(जीतयादव)। पावन श्रावण मास के अवसर पर विशाल मेगा मार्ट परिसर, महासमुंद में आयोजित एक माह के महारुद्राभिषेक एवं हवन-पूजन कार्यक्रम में शनिवार को छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर हवन-पूजन किया।
विशाल मेगा मार्ट परिसर में एक माह से चल रहा धार्मिक आयोजन, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया महारुद्राभिषेक और हवन-पूजन।
पूजन-अर्चना के दौरान उप मुख्यमंत्री ने भगवान शिव से प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की प्रार्थना की। उन्होंने प्रदेश में निरंतर विकास और जनकल्याण की कामना करते हुए भगवान शिव का आशीर्वाद लिया।
श्रावण मास में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। परिसर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का आशीर्वाद लिया।
कार्यक्रम में महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा सहित उनके परिवारजन, पूर्व राज्य मंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व सांसद चुन्नी लाल साहू, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, येतराम साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवी चंद राठी सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
महारुद्राभिषेक एवं हवन-पूजन का यह आयोजन श्रावण मास के दौरान एक महीने तक चलेगा। आयोजन में धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से श्रद्धालु भगवान शिव की आराधना कर प्रदेश और समाज की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।


