सरायपाली(जीत यादव) – जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा कक्षा 6वीं (शैक्षणिक सत्र 2026-27) के लिए 13 दिसंबर 2025 को विकासखंड सरायपाली के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा में पंजीकृत विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

परीक्षा निर्धारित समय प्रातः 11:30 बजे प्रारंभ हुई। विकासखंड सरायपाली में कुल 6 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें प्रतिभा हायर सेकेंडरी स्कूल बालसी,माध्यमिक शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सरायपाली,शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल सरायपाली,सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरायपाली,आईईएमबीएच स्कूल कुटेला एवंएसटी विंसेंट पलोटी हायर सेकेंडरी स्कूल कुटेला शामिल रहे।
सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, स्वच्छता, अनुशासन और पहचान सत्यापन की समुचित व्यवस्था की गई थी। प्रवेश पत्र जांच, उपस्थिति दर्ज करने सहित अन्य औपचारिकताएं सुचारू रूप से संपन्न कराई गईं। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
पंजीयन व उपस्थिति की स्थिति
विकासखंड सरायपाली में कुल 1384 विद्यार्थियों का पंजीयन हुआ था, जिनमें से 1176 परीक्षार्थी उपस्थित रहे जबकि 208 अनुपस्थित रहे।
उड़नदस्ता टीम द्वारा निरीक्षण
उड़नदस्ता टीम द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया।परीक्षा केंद्र 25080506 – आईईएमबीएच स्कूल कुटेला में नायब तहसीलदार हरिप्रसाद भोय, बीआरसीसी देवानंद नायक एवं पटवारी दूधनाथ साहू ने निरीक्षण किया। यहां कुल 232 परीक्षार्थी पंजीकृत, जिनमें 189 उपस्थित एवं 43 अनुपस्थित रहे। शांतिपूर्ण संचालन में समन्वयक भोलानाथ नायक, किशोर कुमार पटेल एवं कैलाशचंद्र पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
परीक्षा केंद्र 25080505 – एसटी विंसेंट पलोटी हायर सेकेंडरी स्कूल कुटेला में कुल 192 परीक्षार्थी, जिनमें 157 उपस्थित एवं 35 अनुपस्थित रहे।परीक्षा केंद्र 25080504 – सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरायपाली में कुल 240 परीक्षार्थी, जिनमें 191 उपस्थित एवं 49 अनुपस्थित रहे। यहां भी उड़नदस्ता टीम द्वारा निरीक्षण किया गया।
इसके अतिरिक्तपरीक्षा केंद्र 25080501 – प्रतिभा हायर सेकेंडरी स्कूल बालसी में कुल 240, उपस्थित 228 एवं अनुपस्थित 12,25080502 – शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरायपाली में कुल 240, उपस्थित 205 एवं अनुपस्थित 35,25080503 – मा.स.गो. हायर सेकेंडरी स्कूल सरायपाली में कुल 240, उपस्थित 206 एवं अनुपस्थित 34 रहे।इन केंद्रों का निरीक्षण विकासखंड शिक्षा अधिकारी टी.सी. पटेल, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी डी.एन. दीवान एवं गजेंद्र नायक (पटवारी) द्वारा किया गया। नवोदय विद्यालय समिति छिंदपाली (सरायपाली) द्वारा परीक्षा की निरंतर निगरानी की गई।
ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए सुनहरा अवसर
उल्लेखनीय है कि नवोदय विद्यालय समिति द्वारा आयोजित यह प्रवेश परीक्षा ग्रामीण क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण नि:शुल्क आवासीय शिक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। परीक्षा को लेकर परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों में संतोष एवं उत्साह देखा गया।





