सरायपाली(जीतयादव)। अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरायपाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बैतारी चौक के पास कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब का परिवहन कर रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 249.60 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 6 लाख 42 हजार 920 रुपये बताई गई है।
बैतारी चौक पर नाकाबंदी के दौरान कार से शराब बरामद, वाहन और मोबाइल समेत 9.57 लाख रुपये की संपत्ति जब्त।
पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग कार के जरिए अवैध शराब का परिवहन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बैतारी चौक के पास जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई।
जांच के दौरान कार से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से राजेश पटेल, अजित पटेल और अमित पटेल को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से कुल 249.60 लीटर शराब जब्त की गई।
शराब के परिवहन में इस्तेमाल डस्टर कार भी पुलिस ने जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 9 लाख 57 हजार 920 रुपये है।
मामले में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 264/26 के तहत धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट एवं धारा 111(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
बैतारी में पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप की स्थिति है। महासमुंद पुलिस द्वारा जिले में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और अन्य नशीली गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने की बात कही गई है।


