सरायपाली। विकासखंड शिक्षा अधिकारी टी.सी. पटेल की अध्यक्षता में विकासखंड शिक्षा कार्यालय में शुक्रवार को विकासखंड के समस्त व्यायाम शिक्षकों की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दौरान होने वाली विकासखंड एवं जिला स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं के सफल, व्यवस्थित एवं सुचारू संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
क्रीड़ा अंशदान जमा कराने से लेकर प्रतियोगिताओं के संचालन तक कई महत्वपूर्ण निर्णय, विकासखंड क्रीड़ा संचालन समिति का भी हुआ गठन।
बैठक में निर्णय लिया गया कि पिछले वर्षों के लंबित क्रीड़ा अंशदान की राशि सात दिवस के भीतर कार्यालय में जमा कराने के लिए सभी प्राचार्यों को सूचित किया जाएगा। इसके साथ ही शैक्षणिक सत्र 2025-26 के क्रीड़ा अनुदान के आय-व्यय से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों की विकासखंड स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। आगामी बैठक में सभी प्राचार्यों एवं क्रीड़ा प्रभारियों की उपस्थिति अनिवार्य रखने का निर्णय भी लिया गया।
मिनी वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों की प्रतियोगिताओं में भागीदारी के दौरान होने वाला व्यय संबंधित संस्था द्वारा वहन किया जाएगा। बैठक में क्रीड़ा संचालन समिति का भी गठन किया गया। इसमें डॉ. सुश्री शुभ्रा डड़सेना, लखेश्वर भोई, क्षितिपति साहू एवं ऋषि कुमार साहू को सदस्य बनाया गया। समिति के निर्देशन एवं अनुशंसा के आधार पर ही विकासखंड एवं जिला स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं का संचालन तथा संबंधित आय-व्यय किए जाने का निर्णय लिया गया।
क्रीड़ा विभाग के सचिव के रूप में स्वाधीन शर्मा दायित्व संभालेंगे। बैठक में व्यायाम शिक्षक हेमसागर कैवर्त, शिव पटेल, वासुदेव पटेल, सतीश पैकरा, ममता प्रधान, मंजुला चौधरी एवं मंजू लता पटेल सहित अन्य संबंधित शिक्षक उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी व्यायाम शिक्षकों से खेल गतिविधियों को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय और सक्रिय सहयोग के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया। उक्त जानकारी शिक्षा विभाग मीडिया प्रभारी दुर्वादल दीप ने दी।


