सरायपाली(जीतयादव)। शासकीय प्राथमिक शाला सिरशोभा में विद्यार्थियों को निःशुल्क शाला गणवेश वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत दमोदरहा की सरपंच श्रीमती तारा बाई चौहान एवं विद्यालय के संस्था प्रमुख (प्रधान पाठक) श्री दुर्वादल दीप विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शासकीय प्राथमिक शाला सिरशोभा में ग्राम पंचायत दमोदरहा की सरपंच श्रीमती तारा बाई चौहान एवं संस्था प्रमुख दुर्वादल दीप की मौजूदगी में हुआ गणवेश वितरण।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को शासन की योजना के तहत गणवेश वितरित किए। नया गणवेश पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस अवसर पर बच्चों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरपंच श्रीमती तारा बाई चौहान ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। विद्यार्थियों को अनुशासन में रहते हुए अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए।
वहीं संस्था प्रमुख श्री दुर्वादल दीप ने कहा कि शासन की गणवेश योजना विद्यार्थियों के लिए उपयोगी पहल है। इससे बच्चों में समानता की भावना मजबूत होती है और विद्यालय के प्रति उनका उत्साह भी बढ़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों से गणवेश का नियमित उपयोग करने तथा विद्यालय में अनुशासन और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में शासकीय प्राथमिक शाला सिरशोभा विद्यालय परिवार की ओर से सभी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।


