महासमुंद। जुआ-सट्टा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ महासमुंद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में बागबाहरा पुलिस ने वार्ड नंबर 01 भानपुर में जुआ फड़ पर दबिश देकर 9 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से 22,720 रुपये नकद, 6 मोबाइल फोन, 5 मोटरसाइकिल और 52 पत्ती ताश जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 2,38,720 रुपये आंकी गई है।
तालाब किनारे बरगद के पेड़ के नीचे चल रहा था जुआ का फड़, पुलिस ने 22,720 रुपये नकद, 6 मोबाइल और 5 मोटरसाइकिल सहित 9 आरोपियों को पकड़ा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर 2026 को थाना बागबाहरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि भानपुर तालाब के किनारे बरगद के पेड़ के नीचे कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुए फड़ पर दबिश देकर 9 लोगों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में हर्ष गोरले (18), राजेंद्र सेट्ठी (28), प्रशांत यदु (30), लेखराम निषाद (30), कौशल ध्रुव (18), मुकेश ठाकुर (18), बसंत शर्मा (31), धनवार साहू (35) और लुमकरण नायक (36) शामिल हैं। इनमें कुछ आरोपी भानपुर बागबाहरा के निवासी हैं, जबकि अन्य अलग-अलग स्थानों से संबंधित हैं।
पुलिस ने मौके से 22,720 रुपये नकद, करीब 51 हजार रुपये कीमत के 6 मोबाइल फोन और करीब 1 लाख 65 हजार रुपये कीमत की 5 मोटरसाइकिल जब्त की हैं। इसके अलावा 52 पत्ती ताश भी बरामद की गई है।
मामले में थाना बागबाहरा में अपराध क्रमांक 219/2026, धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 एवं धारा 112(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।


