महासमुंद। जुआ-सट्टा और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने महासमुंद पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पटेवा पुलिस ने ग्राम मुनगासेर में जुआ खेल रहे 8 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 हजार रुपये नकद, 6 दोपहिया वाहन, एक स्कॉर्पियो और 5 मोबाइल फोन सहित कुल 5 लाख 16 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
मुनगासेर में जुआ फड़ पर पटेवा पुलिस की छापेमारी, 16 हजार रुपये नकद, 6 दोपहिया वाहन, स्कॉर्पियो और 5 मोबाइल सहित कुल ₹5.16 लाख का मशरूका जब्त।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को थाना पटेवा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मुनगासेर में सार्वजनिक स्थान पर कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ फड़ पर दबिश दी। इस दौरान जुआ खेल रहे आठ लोगों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में ग्राम मुनगासेर निवासी जोगिन्दर निषाद (36), नागेश्वर खड़िया (29), आशीष रघुवंशी (19), रोहित कुमार यादव (40), साहिल यादव (21) तथा ग्राम पचरी निवासी सुनील लहरी (26), संतोष टंडन (29) और जितेन्द्र कुर्रे (32) शामिल हैं।
पुलिस ने मौके से 16 हजार रुपये नकद, 52 पत्ती ताश का एक सेट, पांच मोटरसाइकिल, एक स्कूटी, एक स्कॉर्पियो वाहन और पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 5,16,000 रुपये आंकी गई है।
मामले में थाना पटेवा में अपराध क्रमांक 212/26 के तहत धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम एवं धारा 112 बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
महासमुंद पुलिस ने दी चेतावनी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। त्योहारी सीजन को देखते हुए पुलिस की विशेष टीमें 24 घंटे अलर्ट पर हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से ऐसी गतिविधियों की सूचना शिकायत हेल्प डेस्क ‘संवाद’ के व्हाट्सएप नंबर 9479229939 पर देने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा।


