पिथौरा। जिले में जुआ-सट्टा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ महासमुंद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में पिथौरा पुलिस ने स्ट्रीट लाइट के नीचे चल रहे जुआ फड़ पर दबिश देकर 7 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5,400 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और एक पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत 55,400 रुपये बताई गई है।
गौरी-गौरा चौक स्थित शीतला मंदिर के पास स्ट्रीट लाइट के नीचे चल रहा था जुआ, पुलिस की दबिश में 7 जुआरी गिरफ्तार; 5,400 रुपये नकद और पल्सर बाइक सहित ₹55,400 का मशरूका जब्त।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 5 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिथौरा के गौरी-गौरा चौक स्थित शीतला मंदिर के पास स्ट्रीट लाइट के नीचे कुछ लोग रुपये-पैसों का हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पिथौरा पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे लोगों को पकड़ लिया।
इस कार्रवाई में सुखीराम ठाकुर (45), कृष्ण कुमार ठाकुर (22), भगवती डडसेना (43), गिरधर निषाद (27), गोवर्धन निषाद (35), शिव पटेल (49) और शीतल ठाकुर (28) को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपी पिथौरा थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5,400 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश बरामद की। इसके अलावा घटनास्थल से एक पुरानी इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 HD 4345, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये आंकी गई है, जब्त की गई है।
मामले में थाना पिथौरा में अपराध क्रमांक 284/26, धारा 3(2) छत्तीसगढ़ सट्टा (प्रतिषेध) अधिनियम एवं धारा 112 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। मामला अजमानतीय होने के कारण गिरफ्तार सभी सात आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।


