बसना(जीतयादव)।शाला प्रवेश उत्सव 2026 के तहत बच्चों को स्कूल से जोड़ने की दिशा में एक विशेष पहल की गई है। शत-प्रतिशत नामांकन के उद्देश्य से शिक्षकों द्वारा तैयार गीत “चल संगी स्कूल जाबो” को व्यापक सराहना मिल रही है। गीत के माध्यम से पालकों और बच्चों को शिक्षा तथा शासकीय योजनाओं के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया है।
शिक्षकों ने शाला प्रवेश उत्सव 2026 के लिए तैयार किया “चल संगी स्कूल जाबो” गीत मुक्त शिक्षा का दिया संदेश।
गीत एवं एल्बम को बसना विधायक संपत अग्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी बी.एल. देवांगन, जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा, सहायक संचालक एन.के. सिन्हा, प्रमोद कुमार कन्नौजे एवं प्रकाश मांझी का मार्गदर्शन और समर्थन प्राप्त हुआ है। स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने इसे बच्चों को विद्यालयों से जोड़ने की दिशा में एक सकारात्मक और रचनात्मक पहल बताया है।
जिला शिक्षा अधिकारी बी.एल. देवांगन ने नवाचारी शिक्षकों की टीम को बधाई देते हुए कहा कि स्कूल शिक्षा विभाग का लक्ष्य अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालयों से जोड़ना और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, पालकों, शिक्षकों और समाज के सहयोग से जिले में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने तथा ड्रॉपआउट की समस्या को समाप्त करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
गीत एवं एल्बम की प्रस्तुति और संयोजन वीरेंद्र कर, प्रदीप क्षत्रे, शैलेंद्र नायक, सोमदेव तिवारी, पूनम साहू तथा गिरधारी साहू द्वारा किया गया है। गीत के रचनाकार वीरेंद्र कर एवं शैलेंद्र नायक हैं। उन्होंने बताया कि एल्बम का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना तथा शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना है।
गीत को प्रदीप क्षत्रे, शैलेंद्र नायक, वीरेंद्र कर, पूनम साहू और गिरधारी साहू ने स्वर दिया है। वहीं सोमदेव तिवारी एवं प्रदीप क्षत्रे ने हारमोनियम और तबला वादन के माध्यम से संगीत संयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस प्रयास को जिले के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और शिक्षकों ने सराहते हुए पूरी टीम को शुभकामनाएं दी हैं।


