सरायपाली(जीतयादव)। राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMSE) 2025-26 में चयनित होने पर शासकीय उच्च प्राथमिक शाला रिमजी की छात्रा कुमारी लक्ष्मी भोई का विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित कर सम्मान किया गया। छात्रा की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उसे शुभकामनाएं दीं।
NMMSE परीक्षा में चयनित छात्रा ने शिक्षकों के मार्गदर्शन और मेहनत को बताया सफलता का आधार।
विद्यालय परिवार के लिए यह गर्व का विषय है कि अब तक विद्यालय से 74 विद्यार्थियों का चयन राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा में हो चुका है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि का श्रेय विद्यालय के प्रधान पाठक ओमप्रकाश साव, शिक्षक कमल नारायण भोई एवं डोलामणी चौहान के सतत मार्गदर्शन, मेहनत और विद्यार्थियों के नियमित अभ्यास को दिया जा रहा है।
सम्मान समारोह के दौरान कुमारी लक्ष्मी भोई का तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें मेडल, प्रशस्ति पत्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति परीक्षाओं की तैयारी, नियमित अध्ययन और लक्ष्य निर्धारण के महत्व के बारे में जानकारी दी।
अपने संबोधन में कुमारी लक्ष्मी भोई ने NMMSE परीक्षा में सफलता का श्रेय शिक्षकों के मार्गदर्शन, माता-पिता के सहयोग और अपनी मेहनत को दिया। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी लगन, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ अध्ययन कर सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय परिवार ने बताया कि राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को चार वर्षों तक प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है, जिससे उनकी आगे की पढ़ाई में आर्थिक सहयोग मिलता है। विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि लक्ष्मी भोई की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी और भविष्य में भी विद्यालय के छात्र-छात्राएं उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।


