सरायपाली(जीतयादव)। आगामी 16 जून से शुरू होने वाले नए शिक्षा सत्र की तैयारियों को लेकर विकासखंड सरायपाली में प्राचार्यों एवं संकुल समन्वयकों की आवश्यक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बीआरसी कार्यालय सरायपाली में आयोजित इस बैठक में स्कूलों की व्यवस्थाओं, छात्र नामांकन और विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
16 जून से शुरू होने वाले शिक्षा सत्र के लिए स्कूल व्यवस्था, पुस्तक वितरण, अपार आईडी और ऑनलाइन उपस्थिति पर दिए गए आवश्यक निर्देश।
बैठक जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला मिशन समन्वयक के निर्देशानुसार आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता बीईओ टी.सी. पटेल, सहायक बीईओ डी.एन. दीवान तथा बीआरसी देवानंद नायक ने की। बैठक में विकासखंड के सभी प्राचार्यों और संकुल समन्वयकों को नए शिक्षा सत्र से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने स्कूल खुलने से पहले परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित करने, पाठ्यपुस्तकों की प्राप्ति एवं वितरण, विद्यार्थियों की स्कैनिंग, गणवेश वितरण तथा मर्ज शालाओं से संबंधित जानकारी की समीक्षा की। इसके साथ ही आगामी सत्र से शाला प्रबंधन एवं विकास समिति (एसएमडीसी) के गठन और उसकी कार्यप्रणाली पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में विद्यार्थियों की अपार आईडी (APAAR ID) बनाने, आधार विहीन बच्चों के पालकों से संपर्क कर आधार कार्ड बनवाने तथा यू-डाइस में दर्ज ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः स्कूलों में प्रवेश दिलाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने समावेशी शिक्षा के तहत शून्य से छह वर्ष तक के बच्चों के सर्वे, अनुदान राशि के समुचित उपयोग तथा विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी।
इसके अलावा नए शिक्षा सत्र से VSK के माध्यम से शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने की प्रक्रिया, SNA स्पर्श से संबंधित दिशा-निर्देश और अन्य विभागीय योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। अधिकारियों ने सभी प्राचार्यों और संकुल समन्वयकों से समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।


