बसना(जीतयादव)। जिले के भगतदेवरी क्षेत्र में बुधवार शाम आए तेज आंधी-तूफान के दौरान एक दर्दनाक हादसे में ग्रामीण की मौत हो गई। ग्राम नारायणपुर में घर के समीप स्थित दीवार अचानक ढह गई, जिसकी चपेट में आने से 43 वर्षीय जयलाल पेटकार की जान चली गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
आंधी-तूफान में हादसा, अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम।
जानकारी के अनुसार, ग्राम गणेशपुर निवासी जयलाल पेटकार पिता अनगू पेटकार पिछले करीब पांच वर्षों से अपने ससुराल ग्राम नारायणपुर (भगतदेवरी) में घर-जंवाई के रूप में रह रहा था। बुधवार शाम करीब 6:30 बजे क्षेत्र में तेज आंधी और तूफान शुरू हो गया। इसी दौरान वह घर के पास मौजूद था। अचानक तेज हवाओं के कारण समीप स्थित एक दीवार भरभराकर गिर गई और उसका मलबा जयलाल के ऊपर आ गिरा।
![]()
हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे तथा उसे मलबे से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल ले गए। हालांकि अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर सांकरा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि तेज आंधी-तूफान के कारण क्षेत्र में कई स्थानों पर पेड़ गिर गए और बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। वहीं जयलाल पेटकार की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गया है। ग्रामीणों ने बताया कि जयलाल मेहनतकश और मिलनसार व्यक्ति था, जिसकी अचानक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।



