सरायपाली(जीतयादव)।पीएम पोषण योजना अंतर्गत शासन के निर्देशानुसार शासकीय प्राथमिक शाला बिजातीपाली में एक सराहनीय पहल के रूप में नेवता भोज का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री टी. सी. पटेल, बीआरसी श्री देवानंद नायक एवं संकुल समन्वयक श्री घनश्याम दास के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
पीएम पोषण योजना के अंतर्गत नेवता भोज में बच्चों को मिला स्वादिष्ट और पौष्टिक भोज।
इस विशेष अवसर पर शाला परिवार की रसोईया सुहावन बाई मानिकपुरी एवं उनके परिवार द्वारा विद्यालय के बच्चों को स्नेहपूर्वक नेवता भोज कराया गया। छोटे बच्चों के प्रति लगाव और शाला को अपने परिवार मानते हुए उन्होंने बच्चों, शिक्षकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए स्वादिष्ट एवं पौष्टिक भोजन की व्यवस्था की।
![]()
नेवता भोज में बच्चों को दाल, चावल, गोभी-टमाटर की सब्जी, खीर, बड़ा और जलेबी परोसी गई। बच्चों ने बड़े ही उत्साह के साथ भोजन का आनंद लिया और सभी के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस आयोजन ने बच्चों के लिए केवल भोजन ही नहीं, बल्कि अपनापन और स्नेह का अनुभव भी प्रदान किया।

विद्यालय की प्रधान पाठक श्रीमती प्रेमशीला पटेल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम शाला और समुदाय के बीच आपसी सहयोग और भावनात्मक संबंधों को मजबूत करते हैं। इससे बच्चों में सामाजिकता, सहभागिता और सकारात्मक सोच का विकास होता है।
शाला परिवार ने नेवता भोज के लिए सुहावन बाई मानिकपुरी एवं उनके पूरे परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में शाला के शिक्षक निर्मल कुमार मेहेर, रसोईया सुहावन बाई, कमला बाई, पुतली चौहान, नीला मानिकपुरी, सुशीला चौहान एवं भगवती की सक्रिय सहभागिता रही।
नेवता भोज का यह आयोजन न केवल बच्चों के लिए यादगार बना, बल्कि शाला और समाज के बीच सहयोग की एक सुंदर मिसाल भी प्रस्तुत कर गया।




