सरायपाली(जीतयादव)। शासकीय प्राथमिक शाला मुधा में शुक्रवार को पूर्व सरपंच शिशुपाल पटेल की पोती कुमारी अनुष्का पटेल का तीसरा जन्मदिन उत्साह और खुशी के साथ मनाया गया। जन्मदिन के अवसर पर पटेल परिवार की ओर से विद्यालय के बच्चों के लिए विशेष नेवता भोज का आयोजन किया गया।
मुधा के पूर्व सरपंच शिशुपाल पटेल ने पोती के जन्मदिन पर बच्चों को कराया विशेष भोज, विद्यालय परिसर में किया पौधरोपण।
नेवता भोज में बच्चों के लिए खीर, पूरी, मशरूम, दाल, पापड़, फल, कचौरी, मिठाई, जलेबी और केक सहित विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों की व्यवस्था की गई। स्वादिष्ट भोजन का बच्चों ने उत्साह के साथ आनंद लिया। वहीं विद्यालय परिवार और बच्चों ने नन्हीं अनुष्का को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जन्मदिन समारोह को यादगार बनाने के साथ ही पटेल परिवार ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। मुधा के पूर्व सरपंच शिशुपाल पटेल ने अपनी पोती अनुष्का के साथ विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया। उन्होंने लगाए गए पौधे की नियमित देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी ली।
जन्मदिन के अवसर पर पौधरोपण की इस पहल की विद्यालय परिवार ने सराहना की। इस पहल से बच्चों को प्रकृति के प्रति प्रेम, पौधों की देखभाल और पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी का संदेश मिला।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधान पाठक शीला विश्वास ने पटेल परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नेवता भोज जैसे आयोजन बच्चों के चेहरे पर खुशी लाने के साथ विद्यालय और समुदाय के बीच संबंधों को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि जन्मदिन के अवसर पर पौधरोपण की पहल समाज के लिए प्रेरणादायक है।
प्रधान पाठक शीला विश्वास एवं समस्त शाला परिवार ने पटेल परिवार को बच्चों के लिए नेवता भोज आयोजित करने, जन्मदिन समारोह मनाने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सुंदर पहल करने के लिए धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।


