महासमुंद। शेयर मार्केट में ट्रेडिंग के जरिए अधिक मुनाफा कमाने का लालच देकर 6 लाख 80 हजार रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ महासमुंद साइबर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को इंदौर, मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने फर्जी पहचान और सिम का इस्तेमाल कर पीड़ित से संपर्क किया और अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई।
फर्जी पहचान और सिम का इस्तेमाल कर शेयर मार्केट में ट्रेडिंग के नाम पर बनाया जाल, महासमुंद साइबर पुलिस ने इंदौर से दबोचा।
मामले में नेहरू चौक महासमुंद निवासी 27 वर्षीय मेहुल लुनिया ने साइबर थाना महासमुंद में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, फरवरी 2026 में उसे फोन कर शेयर मार्केट ट्रेडिंग से संबंधित जानकारी दी गई और अधिक लाभ का भरोसा दिलाया गया। इसके बाद फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर भी निवेश के लिए प्रेरित किया गया। पीड़ित से अलग-अलग खातों में रकम जमा कराई गई और ट्रेडिंग में मुनाफा होने का झांसा दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, शिकायत के आधार पर साइबर थाना महासमुंद में अपराध क्रमांक 01/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस और 66(डी) आईटी एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी जांच के दौरान आरोपियों का लोकेशन इंदौर में मिलने पर पुलिस टीम ने वहां दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान ऋषि राठौर (28) और जितेन्द्र शर्मा उर्फ जीत उर्फ विश्वजीत (30) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में दोनों ने ट्रेडिंग के नाम पर रकम हासिल करने की बात स्वीकार की। आरोपियों के कब्जे से कुल छह मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार मामले में फर्जी सिम उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


