सरायपाली(जीतयादव)। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बलौदा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्विफ्ट कार में अंग्रेजी परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10.100 लीटर अवैध शराब और परिवहन में प्रयुक्त कार सहित कुल 3 लाख 5 हजार 900 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
भुरसापाली रोड पर पकड़े गए शराब ले जा रहे आरोपी, 3.05 लाख की संपत्ति जब्त।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भुरसापाली रोड की ओर से एक स्विफ्ट कार में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम भोलाराम पटेल (खपरीडीह) और सुरेन्द्र चौधरी (खैरमाल, सरायपाली) बताया। वाहन की तलाशी लेने पर कार से 20 नग मैकडावल और 10 नग सिम्बा बियर सहित कुल 10.100 लीटर बरामद की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी जब्त किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में अवैध निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अब तक 483 प्रकरणों में 545 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 16 लाख 36 हजार 635 रुपये कीमत की 6204.270 लीटर जब्त की जा चुकी है।



