पिथौरा(जीतयादव)।पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना खल्लारी और थाना तेंदुकोना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध महुआ शराब के ठिकानों पर कार्रवाई की।जिले में अवैध गतिविधियों और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए महासमुंद पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान कुल 37 लीटर अवैध महुआ शराब और 20 लीटर देशी प्लेन शराब जब्त की गई। दोनों प्रकरणों में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत जेल भेज दिया गया है।
37 लीटर महुआ शराब, 80 पावा देशी प्लेन शराब और मोटरसाइकिल बरामद, चार आरोपी जेल भेजे गए।
थाना खल्लारी पुलिस ने ग्राम खम्हारमुड़ा में छापा मारकर आरोपी आनंद राम रावत (31 वर्ष) को गिरफ्तार किया। उसके पास से 25 लीटर अवैध महुआ शराब (कीमत लगभग 5 हजार रुपये) तथा शराब बनाने में प्रयुक्त बर्तन और अन्य सामग्री बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 24/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
तेंदुकोना थाना क्षेत्र में रेड
थाना तेंदुकोना पुलिस ने ग्राम कौनसारा एवं आसपास के क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए मेन कुमार चंद्राकर (40 वर्ष), भुवनेश्वर दीवान (42 वर्ष) तथा दिलीप निर्मलकर (32 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से 80 पावा देसी प्लेन शराब (कीमत 6,400 रुपये), 12 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब (कीमत 2,400 रुपये) तथा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (CG 06 GP 2568) जब्त की। साथ ही दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।
छापेमारी के दौरान महुआ लाहन पास को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया तथा शराब बनाने में प्रयुक्त बर्तन व अन्य सामग्री भी जब्त की गई।
पुलिस की सख्ती जारी
महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध नशे का कारोबार समाज और युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है, इसलिए ऐसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।





