बसना(जीतयादव)। शासकीय प्राथमिक शाला गढ़पटनी में मॉप-अप दिवस के अवसर पर कृमिनाशक दवा सेवन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान निर्धारित दिवस पर दवा का सेवन करने से छूट गए बच्चों को स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार कृमिनाशक दवा खिलाई गई।
गढ़पटनी प्राथमिक शाला में बच्चों को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति किया गया जागरूक।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के साथ उनके स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार लाना रहा। विद्यालय में ऐसे बच्चों की पहचान की गई, जो किसी कारणवश पहले आयोजित कृमिनाशक दवा सेवन अभियान में शामिल नहीं हो पाए थे। सभी पात्र बच्चों को आवश्यक जानकारी देने के बाद दवा का सेवन कराया गया।
इस अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला गढ़पटनी के प्रधान पाठक श्री सरविन्द सिदार सहित विद्यालय के शिक्षकों ने बच्चों को कृमि संक्रमण से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता का महत्व समझाते हुए नियमित रूप से हाथ धोने, स्वच्छ एवं सुरक्षित पानी पीने, पौष्टिक भोजन करने और नाखूनों को समय-समय पर काटकर साफ रखने की सलाह दी।
शिक्षकों ने बच्चों को अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ रखने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर बच्चों की पढ़ाई और दैनिक गतिविधियों के लिए बेहद जरूरी है। स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहकर बच्चे कई तरह की बीमारियों से बच सकते हैं।
दवा सेवन के दौरान बच्चों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया। मॉप-अप दिवस के आयोजन से यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया कि अभियान के दौरान कोई भी पात्र बच्चा कृमिनाशक दवा के सेवन से वंचित न रहे।कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। विद्यालय परिवार ने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी आदतों को अपनाने का संदेश दिया


