सरायपाली(जीतयादव)। थाना क्षेत्र के ग्राम गेर्रा स्थित ऑटो पार्ट्स दुकान के सामने से चोरी हुई मोटरसाइकिल के मामले में बलौदा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
कुटेला चौक सरायपाली में ग्राहक तलाश रहा था आरोपी, निशानदेही पर निर्माणाधीन मकान के पीछे से बलौदा पुलिस ने चोरी की बाइक बरामद।
पुलिस के अनुसार ग्राम टेमरी निवासी तुलाराम बाघ ने थाना बलौदा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने अपनी हीरो सीडी डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG06 GU 2348 को ग्राम गेर्रा स्थित अनिल ऑटो पार्ट्स में सुधारने के लिए दिया था। रात के समय मोटरसाइकिल दुकान के सामने खड़ी थी, जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 44/2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी बीच सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति कुटेला चौक, सरायपाली के पास चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना पर बलौदा पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम करण बेहरा, पिता श्याम बेहरा, उम्र 22 वर्ष, निवासी बाजार पारा सरायपाली बताया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। उसके मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने अर्जुंडा तिराहा के आगे पदमपुर रोड पर स्थित एक निर्माणाधीन मकान के पीछे छिपाकर रखी गई हीरो सीडी डिलक्स मोटरसाइकिल बरामद की। वाहन का चेचिस और इंजन नंबर मिलान करने पर वह प्रार्थी का चोरी हुआ वाहन पाया गया। पुलिस ने करीब 20 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल बरामद कर आरोपी को 19 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।


