सरायपाली(जीतयादव)। राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत द्वारा रायपुर के विमतारा, मधु पिल्ले चौक, शांति नगर में आयोजित “स्व. श्री हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह-2026” में देशभर के 250 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सरायपाली विकासखंड के पांच शिक्षकों ने राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त कर पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया।
सरायपाली विकासखंड के सुन्दर लाल डडसेना, ओमप्रकाश साव, दयासागर नायक, टिकेलाल भोई और बनमोती भोई को राष्ट्रीय स्तर पर मिला सम्मान।
सम्मानित शिक्षकों में सुन्दर लाल डडसेना मधुर (सहायक शिक्षक, शासकीय आदिवासी कन्या आश्रम डूडूमचुंवा), ओमप्रकाश साव (शिक्षक, शासकीय उच्च प्राथमिक शाला रिमजी), दयासागर नायक (प्रधान पाठक, शासकीय प्राथमिक शाला दर्राभांठा), टिकेलाल भोई (प्रधान पाठक, शासकीय प्राथमिक शाला गोहेरापाली) तथा बनमोती भोई (प्रधान पाठक, शासकीय प्राथमिक शाला बोड़सरा) शामिल रहे। इन शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, सामुदायिक सहभागिता तथा उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. हिमांशु द्विवेदी (प्रधान संपादक, हरिभूमि समूह) ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव हैं और समाज में उनका सम्मान सर्वोच्च होना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षाविद् संजय अग्रवाल ने की, जबकि डॉ. चितरंजन कर और डॉ. पूर्णानंद मिश्रा विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. पूर्णानंद मिश्रा ने कहा कि स्वर्गीय हरिवंश मिश्र के शिक्षा एवं समाजसेवा के आदर्शों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह राष्ट्रीय सम्मान प्रारंभ किया गया है। समारोह में उनके योगदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया।
सम्मान प्राप्त करने वाले सभी शिक्षकों को क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने बधाई देते हुए इसे सरायपाली क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।


