सरायपाली(जीतयादव)। शासकीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक शाला केन्दूढार में शिक्षिका अनुपमा रविंद्र कुमार नायक के जन्मदिवस के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए विशेष न्योता भोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में उत्साहपूर्ण वातावरण रहा और बच्चों ने शिक्षिका का जन्मदिन मनाते हुए स्वादिष्ट भोजन का आनंद लिया।
शासकीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक शाला केन्दूढार में विद्यार्थियों को परोसा गया विशेष भोज, अतिथियों ने दी शुभकामनाएं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पूजा-अर्चना के साथ हुआ। कार्यक्रम में संकुल प्राचार्य अशोक कुमार साहू मुख्य अतिथि, संकुल समन्वयक प्रदीप सिंह अध्यक्ष तथा प्रधान पाठक सौभाग्य भोई, चंदन सिंह रात्रे एवं व्याख्याता किशोर कुमार कश्यप विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने शिक्षिका अनुपमा नायक को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों के साथ ऐसे प्रेरणादायी आयोजनों को विद्यालय में सकारात्मक वातावरण बनाने वाला बताया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए विशेष न्योता भोज का आयोजन किया गया, जिसमें दाल, चावल, खीर, पूड़ी, जलेबी, आलू-मटर एवं टमाटर की सब्जी, पापड़, सलाद और चिप्स परोसे गए। बच्चों ने उत्साह के साथ भोजन ग्रहण किया और कार्यक्रम का आनंद लिया। अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच आत्मीयता बढ़ाने के साथ विद्यालय में संस्कार, सहयोग और सामाजिक समरसता की भावना को भी मजबूत करते हैं।
केन्दूढार स्कूल के कार्यक्रम में शिक्षिका अनुपमा नायक, सुलोचना मांझी, वृंदावती डडसेना, नीलाबाई डडसेना, कमलाबाई डडसेना तथा कामीन बाई बरिहा सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने शिक्षिका के स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बच्चों के साथ जन्मदिन की खुशियां साझा कीं।


