बसना(जीतयादव)। बसना के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं के लिए शनिवार का दिन दोहरी खुशी लेकर आया। एक ओर सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें प्रदान की गईं, वहीं दूसरी ओर विद्यालय को जल्द ही स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय के रूप में विकसित किए जाने की घोषणा भी की गई। विद्यालय के उन्नयन एवं विकास कार्यों के लिए शासन द्वारा 33.33 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने किया ऐलान, कन्या विद्यालय बसना स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय के रूप में होगा उन्नयन।
यह घोषणा बसना विधानसभा के विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने विद्यालय परिसर में आयोजित साइकिल वितरण कार्यक्रम के दौरान की। उन्होंने छात्राओं को साइकिल वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि प्रदेश सरकार बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीण एवं दूर-दराज के गांवों से आने वाली छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसी उद्देश्य से सरस्वती साइकिल वितरण योजना संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और प्रत्येक छात्रा को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कन्या विद्यालय बसना को स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय के रूप में विकसित किए जाने से यहां आधुनिक शिक्षण सुविधाएं, बेहतर अधोसंरचना और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण उपलब्ध होगा। इससे क्षेत्र की छात्राओं को उच्च स्तर की शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और उनका भविष्य अधिक सशक्त बनेगा।
कार्यक्रम में छात्राओं एवं अभिभावकों ने शासन की दोनों सौगातों पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि साइकिल मिलने से छात्राओं का आवागमन आसान होगा, वहीं विद्यालय के उन्नयन से शिक्षा की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, विद्यालय परिवार, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।


